उमरिया: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 14 अक्टूबर 2026 को उमरिया के प्रस्तावित दौरे को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं. आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के पहुंचने से क्षेत्रवासियों को लंबे समय से लंबित मांगों पर बड़ी घोषणाओं की उम्मीद है. इसके साथ ही विकास योजना और हितग्राहियों को लाभ वितरण के लिहाज से महत्वपूर्ण रहने वाला है.
गुरुवाही ग्राम पंचायत परिसर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के लिए प्रशासन ने मिनट टू मिनट कार्यक्रम निर्धारित किया है. दोपहर 1 बजे से शुरू होने वाला यह कार्यक्रम दोपहर 3 बजे तक चलेगा. इसमें विभागीय प्रदर्शनी के अवलोकन से लेकर विकास कार्यों के भूमि पूजन, शिलान्यास और लोकार्पण तक की गतिविधियां शामिल है.
दोपहर 3 बजे तक उमरिया में रहेंगे सीएम मोहन
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री दोपहर 1 बजे गुरुवाही हेलीपैड पर पहुंचेंगे. यहां स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा. इसके बाद मुख्यमंत्री वहां से सभास्थल के लिए रवाना होंगे और गुरुवाही ग्राम पंचायत परिसर पहुंचेंगे. यहां विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी इंस्टॉल का अवलोकन करेंगे. इस दौरान आजीविका एक्सप्रेस और मोटराइज्ड ट्राईसाईकिल वितरण का कार्यक्रम भी निर्धारित किया गया है.
1 लाख से अधिक लाडली बहनों को मिलेगी राशि
मुख्य कार्यक्रम के तहत दीप प्रज्ज्वलन, कन्या पूजन और जनजाति महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जाएगा. लाडली बहनों द्वारा रैंप पर पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का अभिवादन किया जाएगा. इसके बाद मुख्यमंत्री वर्चुअल माध्यम से विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे, जिसके बाद सीएम जिले की करीब 1 लाख 7 हजार 969 लाडली बहनों के खाते में पैसे ट्रांसफर करेंगे
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के तहत सिंगल क्लिक के माध्यम से राशि ट्रांस्फर करेंगे. इसके लिए 2 मिनट का समय तय किया गया है. इसके बाद विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हित लाभ वितरण किए जाएंगे. इस गतिविधि के लिए 10 मिनट निश्चित है. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के उद्बोधन के लिए 25 मिनट का समय अलग रखा गया.
