भरूच (गुजरात): भरूच जिले में एक केमिकल बनाने वाली कंपनी में धमाका होने से पांच मजदूरों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए. अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि यह धमाका शुक्रवार रात करीब 10 बजे वागरा तालुका के सायखा GIDC में स्थित सिनजील फार्माकेम में हाइड्रोजनेशन प्रोसेस के दौरान हुआ, जिससे जहरीली मेथिलीन डाइक्लोराइड (MDC) गैस का रिसाव हो गया.
भरूच की उप-जिलाधिकारी (SDM) मनीषा मनानी ने कहा कि सिनजील फार्माकेम (SynZeal Pharmachem) सायखा में सिर्फ एक साल पहले शुरू हुई थी और यह फार्मा इंटरमीडियरी बना रही है. उन्होंने कहा कि यह धमाका इतना भयानक था कि इसने रिएक्टर टैंक को चीर दिया और मशीनरी के पुर्जे जगह पर बिखर गए.
एसडीएम ने संदेह जताया कि धमाका हाइड्रोजनेशन प्रोसेस के दौरान हुआ.
भरूच के पुलिस अधीक्षक (SP) अक्षयराज मकवाना ने मीडिया को बताया कि विस्फोट में पांच लोग मारे गए, जबकि पांच अन्य घायल हुए हैं. उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान आमोद के रहने वाले जयदीप महेशभाई पटेल और भाविक दिलीपकुमार वसावा, गिर सोमनाथ जिले के रहने वाले वृंद तलाविया, उत्तर प्रदेश के रहने वाले अनिकेत हरिलाल गौतम और अर्जुन कुमार राम सिंह गौतम के रूप में हुई है.
मकवाना ने बताया कि घायल मजदूर पवन कुमार राम सिंह गौतम, मौसम कुमार रामसेवक यादव, शिवदयाल राम अवतार यादव, प्रतीक प्रवीण प्रजापति और प्रियांशु बहादुरलाल का इलाज चल रहा है, जो बिहार और उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं.
औद्योगिक सुरक्षा और स्वास्थ्य निदेशालय (DISH) के एक अधिकारी ने बताया कि हाइड्रोजनेशन प्रक्रिया के दौरान हुए ब्लास्ट के कारण मेथिलीन डाइक्लोराइड (MDC) गैस का रिसाव शुरू हो गया. उन्होंने कहा कि धमाके के बाद गुजरात प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, DISH और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.
