रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर दौरे के दूसरे दिन SING FORUM के मंच पर उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से संवाद किया और उन्हें छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित किया. उन्होंने राज्य की औद्योगिक क्षमता, प्राकृतिक संसाधनों और निवेश की संभावनाओं की जानकारी दी.
छत्तीसगढ़ में इनवेस्ट के गिनाए फायदे
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब खनिज और पारंपरिक उद्योगों तक सीमित नहीं है, बल्कि तकनीक, नवाचार और वैश्विक निवेश के लिए भी तेजी से उभर रहा है. सरकार संसाधनों और आधुनिक तकनीक के समन्वय से राज्य को देश के प्रमुख औद्योगिक एवं निवेश केंद्रों में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है.
सिंगापुर का अनुभव छत्तीसगढ़ को मिलेगा
सीएम साय ने कहा कि सिंगापुर की तकनीकी दक्षता और शहरी विकास का अनुभव छत्तीसगढ़ की औद्योगिक क्षमता के साथ मिलकर नई विकास संभावनाएं खोल सकता है. राज्य सरकार निवेशकों को अनुकूल नीतिगत वातावरण और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है.
कई क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा
बैठक में टेक्नोलॉजी एवं प्रोफेशनल कैपेबिलिटी सेंटर, लॉजिस्टिक्स, ग्रीन एनर्जी, औद्योगिक अधोसंरचना और शहरी विकास के क्षेत्रों में संभावित सहयोग पर चर्चा हुई. साय ने कहा कि छत्तीसगढ़-सिंगापुर साझेदारी से निवेश के साथ रोजगार, कौशल विकास और तकनीकी हस्तांतरण को भी बढ़ावा मिलेगा.
