इतिहास में पहली बार: चंपावत के बनबसा में आज होगी धामी कैबिनेट की बैठक

चंपावत: उत्तराखंड के इतिहास में पहली बार चंपावत जिले में कैबिनेट बैठक होने जा रही है. आज सुबह 11 बजे बनबसा एनएचपीसी (NHPC) परिसर के मुख्य प्रशासनिक भवन में यह महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी. वहीं, बैठक से पहले प्रशासनिक तैयारियां दुरुस्त की गई हैं.

पहली बार बनबसा में हो रही कैबिनेट मीटिंग के भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए जिला मजिस्ट्रेट मनीष कुमार बीते तीन दिनों से वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में ग्राउंड जीरो पर खुद कमान संभाले हुए हैं. बैठक में शामिल होने के लिए मंत्रियों और आला अफसरों के पहुंचने का सिलसिला भी शनिवार 3 अक्टूबर शाम से शुरू हो चुका है, जिसके मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी खुद एसपी चंपावत रेखा यादव संभाल रही हैं. पूरे परिसर में सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं.

इस बार की कैबिनेट बैठक उत्तराखंड की समृद्ध लोक-संस्कृति और महिला आत्मनिर्भरता की एक खूबसूरत झलक पेश करेगी. बैठक स्थल को खास तौर पर चंपावत के जनजातीय समाज की पारंपरिक कला और कुमाऊं की प्रसिद्ध ऐपण विधा से सजाया गया है, जिसका पूरा जिम्मा स्थानीय महिला स्वयं सहायता समूहों को सौंपा गया है.

इसके अलावा महिला सशक्तिकरण और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक अनोखी पहल की गई है. बैठक में आने वाले सभी वीआईपी मेहमानों और मंत्रियों को उपहार के रूप में केवल इन्हीं महिला समूहों द्वारा तैयार किए गए लोकल प्रोडक्ट्स ही भेंट किए जाएंगे.

बता दें, उत्तराखंड सरकार ने इस बैठक को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गृह विधानसभा क्षेत्र में कराने का निर्णय लिया है. राज्य सरकार के इस फैसले से पहली बार चंपावत को ऐसा अवसर मिला है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *