दुर्ग भिलाई: दुर्ग पुलिस में डीएसपी के पद पर पदस्थ अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी आकर्षि कश्यप ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए दो सप्ताह के भीतर लगातार दो प्रतियोगिताओं में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है.
नीदरलैंड में रजत पदक हासिल करने के बाद आकर्षि ने तुर्किये इंटरनेशनल बैडमिंटन चैलेंज में भी दूसरा स्थान प्राप्त किया. चोट से उबरकर अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन में वापसी करने वाली आकर्षि की इस उपलब्धि को उनके खेल करियर की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है.
नीदरलैंड में शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी को हराया नीदरलैंड में आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में आकर्षि कश्यप ने डेनमार्क की शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी अमाली शुल्ज को सीधे सेटों में 21-15, 21-13 से शिकस्त दी. इस जीत के साथ उन्होंने फाइनल में जगह बनाई. प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर उन्होंने अपनी अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया.
चोट के कारण खेल से प्रभावित होने के बाद आकर्षि ने जिस तरह वापसी की, वह उनकी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास को दर्शाता है. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत प्रतिद्वंद्वियों के सामने लगातार अच्छा प्रदर्शन करना उनकी तैयारी और आत्मविश्वास को भी रेखांकित करता है.
तुर्किये में तीन दिन में खेले पांच मुकाबले नीदरलैंड की प्रतियोगिता के बाद आकर्षि कश्यप ने तुर्किये इंटरनेशनल बैडमिंटन चैलेंज में हिस्सा लिया. यहां भी उन्होंने रजत पदक अपने नाम किया. प्रतियोगिता के दौरान उन्होंने तीन दिनों में पांच मुकाबले खेले. लगातार मैचों के चलते शारीरिक रूप से चुनौतीपूर्ण कार्यक्रम के बावजूद उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक तक का सफर तय किया. दो सप्ताह के भीतर दो अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार रजत पदक जीतना आकर्षि की खेल में निरंतरता और प्रतिस्पर्धी क्षमता को दर्शाता है.
बैडमिंटन खिलाड़ी आकर्षि कश्यप की इस उपलब्धि से दुर्ग पुलिस परिवार में भी खुशी का माहौल है. अब जर्मनी में HYLO Open की तैयारी आकर्षि कश्यप का अगला लक्ष्य जर्मनी में आयोजित होने वाली HYLO Open बैडमिंटन प्रतियोगिता है. यह प्रतियोगिता 27 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी. इसमें भाग लेने के लिए वे 23 अक्टूबर को रवाना होंगी. दुर्ग पुलिस परिवार ने आकर्षि कश्यप को नीदरलैंड और तुर्किये में लगातार दो अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में रजत पदक जीतने पर बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं. पुलिस परिवार ने उम्मीद जताई है कि आकर्षि जर्मनी में भी बेहतर प्रदर्शन कर देश और दुर्ग का नाम रोशन करेंगी.
