भोपाल: मक्का और मदीने में भोपाल के हाजियों के ठहरने की रुबात (धर्मशाला) फिर एक बार चर्चा में आ गयी है. इसी चर्चाओं के बीच औकाफ-ए-शाही के वरिष्ठ सदस्य सिकंदर हफीज ने मक्का की रुबातों को लेकर कहा कि, ”भोपाल वालों के लिए खुशखबरी है कि इस बार रुबात में भोपाल के हाजियों के रुकने की जगह लिए मिल जाएगी.” सिंकदर हाफिज ने रुबात पर लगे आरोपों पर सफाई दी. उन पर लगे आरोपों पर विधायक आरिफ मसूद का नाम लिए बिना हमला बोला.
मक्का की रुबातों पर चल रहे विवादों के बीच औकाफ-ए-शाही के वरिष्ठ सदस्य सिकंदर हफीज सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आये. उन्होंने दावा किया कि, ”इस बार मक्का की रुबात भोपाल के हाजियों को मिल जाएगी. 17 अक्टूबर लाटरी के जरिये रुबात का एलाटमेंट कर दिया जायेगा. हालांकि कितने हाजियों को ठहरने के लिए रुबात मिलेगी इसका जिक्र सिकंदर हाफिज ने नहीं किया. लेकिन इतना जरूर बता दिया की मदीने में हाजियों के ठहरने का मामला अदालत में विचाराधीन है. समाधान के लिए प्रयास किये जा रहे है.
रुबातों को लेकर अफवाहों पर सिकंदर हफीज की सफाई
सिकंदर हफीज ने भोपाल के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि, ”मक्का में हाजियों के लिए अच्छी और नई सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं.” उन्होंने कहा कि, ”रुबातों की व्यवस्था को लेकर फैलाई जा रही उन बातों में सच्चाई नहीं है, जिनमें रुबातों के नहीं होने या उन्हें बेच दिए जाने की बात कही जा रही है. इस साल भोपाल के हाजियों को मक्का में रुबातों में ठहरने की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए इंतेज़ाम किये जा रहे है. 17 अक्टूबर तक तैयारियां पूरी होने की उम्मीद है.”
मदीने में ठहरने की व्यवस्था पर अदालत में मामला
मक्का के अलावा मदीने में भोपाल के हाजियों के ठहरने की व्यवस्था का मुद्दा भी चर्चा में है. इस संबंध में सिकंदर हफीज ने बताया कि, ”मामला फिलहाल अदालत में विचाराधीन है. इसका जल्द समाधान निकालने के लिए अपनी ओर से हर स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं.” उन्होंने स्पष्ट किया कि, ”मदीने से जुड़े मामले में न्यायालय की प्रक्रिया के बीच समाधान की कोशिशें जारी हैं.” हालांकि, उन्होंने मामले के कानूनी पक्ष, अगली सुनवाई और अदालत के संभावित फैसले को लेकर कोई जानकारी नहीं दी.
भोपाल के लोगों से दुआ की अपील
सिकंदर हफीज ने मदीने में हाजियों के ठहरने की व्यवस्था से जुड़े मामले के जल्द समाधान के लिए भोपाल के लोगों से दुआ करने की अपील की. उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही इस मामले में सकारात्मक परिणाम सामने आएगा और वह मदीने में ठहरने की व्यवस्था को लेकर भोपाल के लोगों को अच्छी खबर दे सकेंगे.
विधायक मसूद के सबा अली खान और हाफिज पर आरोप
बता दें कि, इसी साल 29 अप्रैल को मक्का-मदीना स्थित रुबात मामले में भोपाल से कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने वफ्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल से मुलाकात की थी और मुतवल्ली (प्रबंधक) सबा अली खान पटौदी और सिकंदर हाफिज के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी. आरिफ मसूद ने औकाफ-ए-शाही के दोनों जिम्मेदारों पर कई गंभीर आरोप लगाए थे. मसूद के आरोप पर सिकंदर हफीज ने सफाई दी थी. इसके आलावा मसूद के खिलाफ सिंकदर हाफिज ने डेढ़ करोड़ रुपये की मानहानि का नोटिस भेजा था.
इस मुद्दे पर ऑल इण्डिया मुस्लिम त्यौहार के राष्ट्रीय संरक्षक शमशुल हसन ने भी गंभीर आरोप आरोप लगाये थे. उन्होंने कहा था कि, ”600 करोड़ रुपये का गबन किया गया है. भोपाल रुबात का संचालन पकिस्तानी मूल का अहमद शहजाद कर रहा है जो हमारे देश के लिए शर्म की बात है.”
