हरियाणा कांग्रेस का बड़ा हमला: सीएम नायब सैनी से इस्तीफे की मांग, हुड्डा और संजय दत्त बोले— ‘पार्ट-टाइम मुख्यमंत्री और राजनीतिक पर्यटक बने हैं सैनी’

adminnationalsanjay
4 Min Read

चंडीगढ़ः हरियाणा कांग्रेस ने सीएम नायब सैनी से इस्तीफा देने की मांग की है. पार्टी की ओर से हरियाणा के एआईसीसी प्रभारी संजय दत्त, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी सीएम के विदेश दौरों को लेकर जमकर निशाना साधा है.

‘व्यापारी फिरौती और रंगदारी से भयभीत हैं’: कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि हरियाणा में किसान मंडियों में अपनी फसल बेचने के लिए भटक रहे हैं, व्यापारी फिरौती और रंगदारी से भयभीत हैं, अपराधी बेखौफ हैं और जनता भ्रष्टाचार से त्रस्त है. लेकिन मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कभी पंजाब, कभी बिहार, कभी दिल्ली और अब विदेश यात्राओं में व्यस्त हैं.

‘मुख्यमंत्री हरियाणा को छोड़कर हर जगह नजर आते हैं’: कांग्रेस का आरोप है कि 4 से 6 अक्टूबर तक सिंगापुर और 14 से 17 अक्टूबर तक स्वीडन के दौरे पर रहे मुख्यमंत्री की प्राथमिकताएं प्रदेश की जनता के सवालों के घेरे में हैं. “मुख्यमंत्री हरियाणा को छोड़कर हर जगह नजर आते हैं, बस अपने प्रदेश की परेशान जनता के बीच नहीं. वह ‘पार्ट-टाइम मुख्यमंत्री, फुल-टाइम राजनीतिक पर्यटक’ ही नहीं, हरियाणा के ‘नॉन-रेजिडेंट हरियाणवी’ बनकर रह गए हैं.”

‘मंडियों में किसान परेशान, मुख्यमंत्री विदेश में’: कांग्रेस ने आरोप लगाया कि किसानों को फसल की खरीद, उठान और भुगतान के लिए इंतजार करना पड़ रहा है. कांग्रेस मांग करती है कि खरीद व्यवस्था तत्काल दुरुस्त हो और किसानों को समय पर भुगतान मिले. देश का पेट भरने वाला किसान फसल बेचने के लिए भटके और मुख्यमंत्री को अपने ही प्रदेश में ढूंढना पड़े, इससे बड़ी विडंबना क्या होगी?

‘लोकतांत्रिक गतिविधियों में बाधा डालने के मामलों की निष्पक्ष जांच हो’: प्रदेश में हत्याओं, फिरौती और रंगदारी की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. कांग्रेस अपराधियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई, व्यापारियों की सुरक्षा और पुलिस की जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग करती है. साथ ही, कांग्रेस कार्यकर्ताओं की कथित अवैध हिरासत और विपक्ष की लोकतांत्रिक गतिविधियों में बाधा डालने के मामलों की निष्पक्ष जांच हो.

पुलिस अपराध रोके, विपक्ष की आवाज नहींः कांग्रेस ने कहा कि पुलिस जनता की सुरक्षा के लिए है, सत्तारूढ़ दल के राजनीतिक हित साधने के लिए नहीं. भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अनियमितताओं की शिकायतों पर समयबद्ध जांच कर दोषियों को दंडित किया जाए. केवल प्रचार और घोषणाओं से सुशासन नहीं आता, सुशासन किसान को भुगतान, व्यापारी को सुरक्षा और जनता को भ्रष्टाचार से मुक्ति देने से साबित होता है.

‘मतदाता सूचियों में हुए बदलावों की स्वतंत्र जांच की मांग’: पिछले विधानसभा चुनावों के बाद सामने आए ‘वोट चोरी’ के आरोपों ने चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और भाजपा सरकार के जनादेश की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. कांग्रेस मांग करती है कि इन आरोपों और मतदाता सूचियों में हुए बदलावों की स्वतंत्र, निष्पक्ष और व्यापक जांच कर तथ्य सार्वजनिक किए जाएं.

‘कांग्रेस की दो टूक मांग: मुख्यमंत्री तत्काल इस्तीफा दें’: हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी का स्पष्ट मत है कि गंभीर चुनावी आरोपों और शासन की विफलताओं के बीच नायब सिंह सैनी ने अपनी नैतिक जवाबदेही खो दी है. उन्हें तत्काल इस्तीफा देना चाहिए.

‘पूर्णकालिक मुख्यमंत्री चाहिए, राजनीतिक पर्यटक नहीं’: हरियाणा को पूर्णकालिक मुख्यमंत्री चाहिए, राजनीतिक पर्यटक नहीं. मुख्यमंत्री जी, हरियाणा कोई पर्यटन स्थल नहीं, आपकी जिम्मेदारी है. जनता को आपके दौरों की सूची नहीं, अपने सवालों के जवाब चाहिए; विदेश यात्राएं नहीं, समस्याओं का समाधान चाहिए.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *