एसडीआरएफ उत्तराखंड को मिला आइएसओ 9001:2015 सर्टिफिकेट: सीएम धामी ने पूरी टीम को दी बधाई, बताया राज्य के लिए गौरव का क्षण

adminnationalsanjay
2 Min Read

देहरादून। उत्तराखंड राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) को गुणवत्ता प्रबंधन के क्षेत्र में आइएसओ 9001:2015 प्रमाणपत्र मिला है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह बल की कार्यकुशलता, अनुशासन, समर्पण और आपदा प्रबंधन में उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

उन्होंने सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी सहित समस्त अधिकारियों, जवानों और संबंधित कार्मिकों को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की दृष्टि से संवेदनशील उत्तराखंड में एसडीआरएफ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

प्राकृतिक आपदाओं और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में बल के जवान त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों के माध्यम से लोगों की जान बचाने और प्रभावित परिवारों तक सहायता पहुंचाने में अहम योगदान देते हैं।

कठिन परिस्थितियों में साहस, तत्परता और सेवाभाव के साथ कार्य करना बल की विशिष्ट पहचान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रबंधन तंत्र को आधुनिक, सक्षम और प्रभावी बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

सरकार का उद्देश्य आपदाओं के दौरान जन-धन की हानि न्यूनतम करना और प्रभावित लोगों तक समय पर राहत पहुंचाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि एसडीआरएफ भविष्य में भी राहत एवं बचाव कार्यों में दक्षता और उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करेगा। साथ ही जवानों से इसी सेवाभाव और समर्पण के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *