त्योहारी सीजन से पहले सुक्खू कैबिनेट का बड़ा दांव: 10 अक्टूबर को होगी बैठक, कर्मचारियों को DA और युवाओं को नौकरियों का तोहफा संभव

3 Min Read

शिमला। विधानसभा के मानसून सत्र से पहले दो बार टल चुकी राज्य मंत्रिमंडल की बहुप्रतीक्षित बैठक अब 10 अक्टूबर को होने जा रही है। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शारदीय नवरात्र से ठीक पहले यह बैठक बुलाई है, जिससे प्रदेश के लाखों कर्मचारियों, पेंशनरों, किसानों और बेरोजगार युवाओं की उम्मीदें परवान चढ़ गई हैं।

माना जा रहा है कि सरकार त्योहारी सीजन से पहले कई अहम फैसलों पर मुहर लगाकर प्रदेशवासियों को बड़ा तोहफा दे सकती है। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने हाल ही में वित्त विभाग के आला अधिकारियों के साथ कर्मचारियों और पेंशनरों की लंबित वित्तीय अदायगियों पर गहन मंथन किया है। इसके साफ संकेत हैं कि त्योहारी सीजन से ठीक पहले सरकार महंगाई भत्ते (डीए) की किस्त जारी कर सकती है।

इन प्रमुख एजेंडों के अलावा, बैठक में मुख्यमंत्री की विभिन्न बजट घोषणाओं और सरकार की तरफ से गठित की गई कई मंत्रिमंडलीय उपसमितियों की सिफारिशों पर भी अंतिम निर्णय लिया जाएगा। विभिन्न विभागों के प्रस्तावों पर चर्चा के बाद कई अन्य अहम फैसले भी लिए जा सकते हैं।

राज्य सरकार ने दिसंबर 2026 तक 50 हजार सरकारी नौकरियां देने का लक्ष्य रखा है। इस लिहाज से कैबिनेट बैठक में शिक्षा समेत कई अन्य विभागों में खाली पदों को भरने की प्रक्रिया को हरी झंडी मिल सकती है।

बागवानों और पशुपालकों पर मेहरबान होगी सरकार

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए इस बैठक में पशुपालकों के लिए दूध के खरीद मूल्य में इजाफा किया जा सकता है। इसके साथ ही, मंडी मध्यस्थता योजना (एमआईएस) के तहत खरीदे जाने वाले सेब और नींबू प्रजाति के फलों के समर्थन मूल्य को बढ़ाने पर भी मुहर लगने की प्रबल संभावना है।

राजस्व बढ़ाने के लिए बनेगा नया खनन विभाग

सरकारी राजस्व में इजाफा करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री की पूर्व घोषणा के अनुरूप एक नए खनन विभाग के गठन और ड्रेजिंग पालिसी पर भी विस्तार से चर्चा होगी। नया विभाग बनने से नदियों की ड्रेजिंग समेत अन्य कार्यों का सीधा जिम्मा इसे सौंपा जाएगा, जिससे अवैध खनन पर लगाम लगेगी और सरकारी खजाने में वृद्धि होगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *