स्वीडन से सीएम सैनी ने लिया एक्शन: पानीपत में धान भीगने पर डीसी को लगाई फटकार, लापरवाह अधिकारियों पर गिरेगी गाज

adminnationalsanjay
2 Min Read

पानीपत। बारिश से अनाज मंडी में धान भीगने को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने संज्ञान लिया है। स्वीडन से उन्होंने जिला उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ को फोन कर मतलौडा अनाज मंडी के हालात की जानकारी ली।

इसके बाद शुक्रवार को डीसी ने मंडी में पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीवरेज व्यवस्था दुरुस्त नहीं मिली और जनरेटर भी ठीक से काम नहीं कर रहा था। खामियों पर मंडी सचिव और मार्केट कमेटी के एक्सईएन के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी है।

वीरवार को हुई बारिश से मंडी में बिक्री के लिए आई 1509 और पीआर किस्म की धान प्रभावित हुई। सड़क पर रखी आठ से दस ढेरियों को अधिक नुकसान होने की आशंका है। कुछ धान पानी के साथ बहकर बिखर गई।

जबकि खुले में रखे सरकारी खरीद के करीब 30 से 40 हजार कट्टे भी बारिश की चपेट में आए। डीसी ने कहा कि किसानों की फसल को नुकसान से बचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के साथ ठेकेदारों पर भी कार्रवाई होगी।

ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने का नोटिस जारी

उधर, देवी मंदिर से बरसत रोड तक निर्माणाधीन नाले में बच्चे के गिरने की घटना के बाद नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। जेई के निलंबन के बाद अब डीसी डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने ठेकेदार देवीराम को ब्लैकलिस्ट करने का नोटिस जारी करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।

उपायुक्त ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि निर्माण कार्य नियमों के अनुरूप नहीं हुआ। उन्होंने नाले से सुरक्षा जालियां हटाने वालों पर एफआइआर के निर्देश दिए हैं। सड़क, नाला और सीवर निर्माण तेजी से पूरा कराने के लिए पांच जेसीबी, 18 ट्रैक्टर-ट्राली और 35 कर्मचारी लगाए गए हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *