पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए सीएम भगवंत मान का बड़ा कदम, चप्पड़चिड़ी से ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान का आगाज

adminnationalsanjay
2 Min Read

मोहाली। पंजाब को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शनिवार को ऐतिहासिक चप्पड़चिड़ी से ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान के अंतिम चरण की शुरुआत की। उन्होंने बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली पंजाब के सभी 23 जिलों में जाकर लोगों को नशों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेगी। उन्होंने कहा कि नशों के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार और पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने युवाओं से नशे छोड़कर शिक्षा और खेलों से जुड़ने की अपील की। उन्होंने बताया कि रैली के साथ सुझाव और शिकायत पेटियां भी रहेंगी।

इनके माध्यम से लोग राज्य के विकास संबंधी सुझाव दे सकेंगे और नशा तस्करों के बारे में जानकारी साझा कर सकेंगे। उन्होंने लोगों से नशा तस्करी की सूचना ‘सेफ पंजाब’ हेल्पलाइन पर देने की अपील की। भगवंत मान ने बताया कि राज्य में करीब 15 हजार गांव और वार्ड रक्षा समितियां बनाई गई हैं, जिनके लगभग 1.25 लाख सदस्य नशों के खिलाफ जागरूकता अभियान में जुटे हैं। उन्होंने दावा किया कि नशा तस्करी के मामलों में 81 हजार से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है और सरकारी नशामुक्ति केंद्रों में 40 हजार से ज्यादा मरीजों का इलाज किया जा चुका है। राज्य सरकार युवाओं को रोजगार और खेलों के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत है। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री डॉ. बलबीर सिंह, अभिनेत्री नीरू बाजवा और फिल्म ‘थापी’ की टीम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *